TestBaazi

1857 के विद्रोह के ठीक बाद बंगाल में निम्नलिखित में से कौन-सा विप्लव हुआ?

IAS (Prelims), 1994
A
संन्यासी विद्रोह
B
संथाल विद्रोह
C
नील उपद्रव
D
पाबना उपद्रव
सही उत्तर: (c) नील उपद्रव
विस्तृत व्याख्या

1857 के विद्रोह के ठीक बाद बंगाल में नील विद्रोह (1859-60 ई.) हुआ। संन्यासी विद्रोह 1763-1800 ई. में; संथाल विद्रोह 1855-56 ई. में तथा पाबना उपद्रव 1873-76 ई. में हुआ। नील विद्रोह की शुरुआत पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कृष्णनगर के पास दो साहसी व्यक्तियों विष्णुचरण विश्वास (विष्णु विश्वास) और दिगंबर विश्वास द्वारा संगठित किया गया था। चौगाछा और उसके आस-पास के गांवों ने इनके इस विद्रोह के प्रभाव में आकर एकजुट होकर नील की खेती करने से मना कर दिया। यह नील आंदोलन के इतिहास में अपनी मांगों को लेकर किए गए आंदोलनों में सर्वाधिक व्यापक और जुझारू विद्रोह था। बंगाल का नील विद्रोह शोषण के विरुद्ध किसानों की सीधी लड़ाई थी। बंगाल के वे काश्तकार जो अपने खेतों में चावल की खेती करना चाहते थे, उन्हें यूरोपीय नील बागान मालिक नील की खेती करने के लिए मजबूर करते थे। नील की खेती से इनकार करने वाले किसानों को नील बागान मालिकों के दमन-चक्र का सामना करना पड़ता था। मार्च, 1859 में बंगाल के हजारों रैयतों (किसानों) ने नील की खेती करने से इनकार कर दिया। जैसे-जैसे यह विद्रोह फैला, रैयतों ने बागान मालिकों को लगान चुकाने से भी इनकार कर दिया। 1860 ई. तक नील आंदोलन नादिया, पाबना, खुलना, ढाका, मालदा, दीनाजपुर आदि क्षेत्रों में फैल गया। किसानों की एकजुटता के कारण बंगाल में 1860 ई. तक लगभग सभी नील कारखाने बंद हो गए। बंगाल के बुद्धिजीवी वर्ग ने अखबारों में अपने लेखों द्वारा तथा जन सभाओं के माध्यम से इस विद्रोह के प्रति अपने समर्थन को व्यक्त किया। इसमें 'हिंदू पैट्रियाट' के संपादक हरिश्चंद्र मुखर्जी की विशेष भूमिका रही। नील बागान मालिकों के अत्याचारों का खुला चित्रण दीनबंधु मित्र ने अपने नाटक 'नील दर्पण' में किया है।