भारतीय ब्रह्म समाज के संस्थापक थे-
भारतीय ब्रह्म समाज के संस्थापक केशव चंद्र सेन थे। देवेंद्रनाथ ने 1865 ई. में केशव चंद्र सेन से आचार्य की उपाधि छीन ली। फलस्वरूप केशव चंद्र सेन मौलिक ब्रह्म समाज से अलग हो गए और देवेंद्रनाथ टैगोर के तहत समाज की मूल शाखा ने स्वयं को 'आदि ब्रह्म समाज' के नाम से पुकारा। आचार्य केशव चंद्र सेन के नेतृत्व वाले गुट ने अपने को 'भारतीय ब्रह्म समाज' या 'नवीन ब्रह्म समाज' का नाम दिया। 1878 ई. में 'नवीन ब्रह्म समाज' में पुनः फूट पड़ी, जब केशव चंद्र सेन द्वारा अपनी 14 वर्ष से कम आयु की पुत्री का विवाह कूच बिहार के राजा से किए जाने के विरोध में आनंद मोहन बोस, उमेश चंद्र दत्त, शिवनाथ शास्त्री आदि लोगों द्वारा 'साधारण ब्रह्म समाज' की स्थापना की गई।
नोट : 20 अगस्त, 1828 को राजा राममोहन राय ने फेरंजी कमल बोस के मकान (जो इस कार्य हेतु किराए पर लिया गया था) में ब्रह्म समाज की स्थापना की थी। ताराचंद चक्रवर्ती इसके प्रथम सचिव थे। देवेंद्रनाथ टैगोर इस समाज में 1843 ई. में तथा केशव चंद्र सेन 1857 ई. में सम्मिलित हुए। देवेंद्रनाथ टैगोर एवं केशव चंद्र सेन के मध्य वैचारिक मतभेद होने पर जब 11 नवंबर, 1866 को केशव चंद्र सेन ने औपचारिक रूप से पृथक ब्रह्म समाज का गठन किया, तो इसका नामकरण 'भारतीय ब्रह्म समाज' (Brahmo Samaj of India) किया गया। जबकि पूर्व स्थापित ब्रह्म समाज को 'आदि ब्रह्म समाज' के नाम से जाना गया। ब्रह्म समाज की मूल वेबसाइट www. the brahmosamaj.net, गजेटियर ऑफ इंडिया (Vol-II : इतिहास एवं संस्कृति) एवं मैकमिलन प्रकाशित 'भारत का सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक इतिहास' (लेखक-बी.एन. पुरी, एम.एन. दास, पी.एन. चोपड़ा) में ये तथ्य दर्शित हैं। बाद में इतिहास लेखन के दौरान प्रख्यात इतिहासकारों प्रो. बी.एल. ग्रोवर एवं प्रो. आर.एल. शुक्ल आदि ने आधुनिक भारतीय इतिहास की अपनी पुस्तकों में पता नहीं क्यों केशव चंद्र सेन के नवीन ब्रह्म समाज को 'आदि ब्रह्म समाज' बताया। वर्ष 2022 में MPPSC विवाद में विशेषज्ञ समिति और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने ब्रह्म समाज की वेबसाइट और गजेटियर ऑफ इंडिया (Vol-II) के आधार पर इस तथ्य को स्वीकार किया कि 1866 ई. में ब्रह्म समाज में हुए विभाजन के उपरांत यह दो गुटों में बंट गया जिसमें 'आदि ब्रह्म समाज' का नेतृत्व देवेन्द्र नाथ टैगोर ने तथा 'भारतीय ब्रह्म समाज' का नेतृत्व केशवचंद्र सेन ने किया था।